गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने और विकास की प्रक्रिया में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्ययोजना के साथ मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे को अभियान का जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है।
आशीर्वाद का दीया से होगी शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम के समय जिले के परिवारों से दीप प्रज्वलित कर अभियान से जुड़ने की अपील की जाएगी। प्रत्येक दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक होगा। मैदानी अमला घर-घर पहुंचकर लोगों को अभियान की जानकारी देगा और उन्हें इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेगा।
बच्चों की कल्पना में दिखेगा विकसित भारत
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के शासकीय और निजी स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसमें विद्यार्थी विकसित भारत को लेकर अपनी कल्पनाओं और विचारों को रचनात्मक तरीके से सामने रखेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि चयनित कलाकृतियों को प्रदर्शनी के जरिए आम लोगों के सामने रखा जाएगा।
नुक्कड़ नाटकों से बताएंगे योजनाओं का असर
‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से जिले के अलग-अलग स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इनमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता और लोगों को मिले लाभ की वास्तविक कहानियों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य योजनाओं की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना और पात्र नागरिकों को लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है।
आंगनवाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का उत्सव’
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ मनाया जाएगा। यहां पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी सामने लाते हुए उनका सम्मान किया जाएगा।
सामने आएंगी योजनाओं से बदली जिंदगी की कहानियां
‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियों को संकलित किया जाएगा। इन कहानियों के जरिए यह बताया जाएगा कि सरकारी योजनाओं ने किस तरह आम परिवारों की जिंदगी में बदलाव लाया है। साथ ही इनसे दूसरे पात्र लोगों को भी योजनाओं का लाभ लेने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
बच्चों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और आम नागरिकों को जोड़ने वाली विभिन्न गतिविधियों के जरिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जनभागीदारी का रूप दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ सेवा, सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प को घर-घर तक ले जाना है।