रायपुर : बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण इलाकों की तस्वीर बदलने के लिए बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना से जुड़े कामों पर जोर दिया जा रहा है। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने तिल्दा विकासखंड के ग्राम सगुनी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नव निर्मित रंगमंच और अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। इस दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ महिलाओं को पूरक आहार भी वितरित किया गया।
हर गांव तक पहुंचे विकास का लाभ
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के करीब 260 गांवों और 2 नगरपालिकाओं में विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का आवंटन बिना भेदभाव किया जा रहा है, ताकि हर पंचायत और गांव को उसका लाभ मिल सके।
शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को गांवों में प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
40 स्कूलों में बन रहे अतिरिक्त कमरे
ग्रामीण बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए तिल्दा ब्लॉक के 40 स्कूलों में अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ स्कूलों में पेयजल, शौचालय और बाउंड्री वॉल से जुड़े काम भी किए जा रहे हैं।
गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र, खेल मैदान और सामुदायिक शेड बनाने के कामों को भी प्राथमिकता में रखा गया है। इससे बच्चों और ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
50 गांवों में नई लाइटों के लिए 2 करोड़ मंजूर
ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए विधानसभा क्षेत्र के 50 गांवों में नई लाइटें लगाने के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा मुक्तिधाम निर्माण, तालाबों के सौंदर्यीकरण और पिंडा-बूतरा निर्माण के कार्य भी चल रहे हैं।
राजस्व विभाग के माध्यम से करीब 15 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कामों से गांवों में बुनियादी ढांचे को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
17 सितंबर को विशेष आयोजन का आह्वान
मंत्री टंक राम वर्मा ने भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को दीप प्रज्वलित कर आयोजन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ छत्तीसगढ़ भी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।