रायपुर,  राजधानी रायपुर के टाटीबंध स्थित इस्कॉन रायपुर के श्री श्री राधा रासबिहारी जी मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं शंख अभिषेक किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

“श्रीकृष्ण का जीवन देता है धर्म और कर्तव्य का संदेश”

मुख्यमंत्री ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिए गए कर्मयोग के संदेश की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का उत्सव नहीं, बल्कि उनके जीवन-दर्शन को अपनाने का अवसर भी है। श्रीकृष्ण ने अन्याय के खिलाफ खड़े होने और धर्म की रक्षा का संदेश दिया।

महामंत्र से गूंजा मंदिर परिसर

महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे’ के महामंत्र से गूंज उठा। मुख्यमंत्री साय ने भी श्रद्धालुओं के साथ महामंत्र का घोष किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत प्रदेश की अमूल्य धरोहर है। भोरमदेव, मां महामाया रतनपुर, मां दंतेश्वरी, मां बमलेश्वरी और अन्य प्रमुख आस्था केंद्रों को बेहतर सुविधाओं के साथ विकसित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि भोरमदेव मंदिर क्षेत्र को प्रसाद योजना के तहत लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे।

50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कारणों से कोई श्रद्धालु तीर्थ दर्शन से वंचित न रहे। श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या की यात्रा कराई जा रही है और अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके हैं।

वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के वृद्धजनों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर दिया जा रहा है।

3 से 5 सितंबर तक चल रहा महा-महोत्सव

इस्कॉन रायपुर के 26वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर 3 से 5 सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसमें भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक पुरन्दर मिश्रा, इस्कॉन रायपुर के पदाधिकारी, संतजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *