रायपुर : राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में छात्रों और विश्वविद्यालय परिवार ने साइकिल चलाकर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ और ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम के तहत आयोजित इस गतिविधि में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह से हिस्सा लिया।
साइक्लिंग रैली को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने प्रशासनिक भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित खेल और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। रैली शुरू होते ही छात्र पूरे उत्साह के साथ साइकिल लेकर निकल पड़े।
करीब 5 किलोमीटर की यह साइकिल यात्रा प्रशासनिक भवन से शुरू होकर इंजीनियरिंग कॉलेज, संगीत वाटिका, एग्रीकल्चर म्यूजियम, कॉलेज कैंपस और आवासीय परिसर से होते हुए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचकर समाप्त हुई। रास्तेभर प्रतिभागियों ने फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल और नियमित व्यायाम के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। आयोजकों के मुताबिक साइक्लिंग जैसी गतिविधियां युवाओं में फिटनेस के साथ अनुशासन और स्वस्थ दिनचर्या के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद करती हैं।
कार्यक्रम में डॉ. संजय शर्मा, डॉ. प्रवीण वर्मा, डॉ. जी.पी. आयाम, डॉ. एच.के. सिंह, सूबेदार मेजर गोवर्धन शर्मा और डॉ. राम कुमार ठाकुर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।