जशपुर : जशपुर शहर के विकास को लेकर शनिवार को बड़ी सौगात मिली। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने जशपुर कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 93 करोड़ 91 लाख 98 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं में शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सीवरेज ट्रीटमेंट की सुविधा विकसित करने पर जोर दिया गया है।

भूमिपूजन किए गए कार्यों में अमृत मिशन 2.0 के तहत 86 करोड़ 99 लाख 21 हजार रुपए की पेयजल योजना प्रमुख है। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत 6 करोड़ 92 लाख 77 हजार रुपए की लागत से एसटीपी का निर्माण किया जाएगा। इन योजनाओं से शहर में पेयजल और स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

जशपुर को 4.68 करोड़ के नए विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जशपुर नगर के लिए 4 करोड़ 68 लाख रुपए के नए विकास कार्यों की घोषणा भी की। इनमें नगर पालिका कार्यालय के सामने 1.40 करोड़ रुपए की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, 1.50 करोड़ रुपए से देशपांडे पार्क एवं तालाब का सौंदर्यीकरण, 1.48 करोड़ रुपए से मटन मार्केट और 30 लाख रुपए की लागत से शव वाहन की व्यवस्था शामिल है।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि जशपुर के विकास में राशि की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। शहर की जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य किए जाएंगे।

भूमिपूजन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जशपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह और मुख्य नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *