धमतरी : युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से धमतरी जिले के सात महाविद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।

अभियान के तहत बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद, शासकीय कन्या महाविद्यालय धमतरी, सुखराम नागे शासकीय महाविद्यालय नगरी, शासकीय महाविद्यालय आमदी, छत्तीसगढ़ महतारी महाविद्यालय भखारा और यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रैली और नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

कार्यक्रमों में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, स्लोगन लेखन, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को सामने रखते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की ताकत

जिला युवा अधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश के भविष्य की महत्वपूर्ण आधारशिला है। युवाओं का स्वस्थ और नशामुक्त रहना विकसित भारत के निर्माण के लिए जरूरी है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने के साथ उन्हें समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के दौरान ‘मेरा युवा भारत’ के प्रभारी प्राध्यापकों और कैंपस एम्बेसडरों ने आयोजन के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ भी ली।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *