भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा अंतरराष्ट्रीय IDEA के सहयोग से भारत की 2026 चेयरशिप प्रोग्राम के अंतर्गत “जोखिम प्रबंधन और निर्वाचन लचीलापन विषय पर 5-दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (IIIDEM), नई दिल्ली में 25 से 29 मई 2026 तक आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का उद्घाटन मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी ने किया। उद्घाटन सत्र के दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए निर्वाचन प्रक्रियाओं में जोखिम प्रबंधन, संस्थागत तैयारी और लचीलापन को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला के पहले दिन आयोग के साथ अंतर्क्रिया भी की।
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में 12 देशों के निर्वाचन प्रबंधन निकायों के निर्वाचन आयुक्तों और वरिष्ठ अधिकारियों सहित कुल 32 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इनमें निर्वाचन प्रबंधक, जोखिम प्रबंधन और प्रौद्योगिकी पेशेवर, संकट प्रबंधन विशेषज्ञ तथा निर्वाचन अखंडता पहलों से जुड़े अधिकारी शामिल हैं। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रियाओं में संस्थागत तैयारियों और लचीलापन को सुदृढ़ करना तथा निर्वाचन प्रबंधन निकायों को संरचित निर्वाचन जोखिम प्रबंधन ढांचे, नीतियों और परिचालन प्रणालियों को विकसित करने और संस्थागत रूप देने में सहयोग प्रदान करना है।
प्रतिभागियों ने बढ़ते जटिल जोखिम वातावरण में निर्वाचन अखंडता, निरंतरता, वैधता और जन विश्वास की रक्षा के लिए जोखिमों की सक्रिय पहचान, मूल्यांकन और प्रबंधन की आवश्यकता पर विस्तृत चर्चा की।कार्यशाला में निर्वाचन जोखिम प्रबंधन की बुनियाद, निर्वाचन अखंडता और सुरक्षा उपाय, जोखिम पहचान और मूल्यांकन, लचीलापन एवं संकट प्रबंधन, अंतर-एजेंसी समन्वय तथा रणनीतिक नियोजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही निर्वाचन जोखिम प्रबंधन उपकरण पर व्यावहारिक प्रदर्शन और अभ्यास भी शामिल किए गए हैं, जिनमें जोखिम कारक लाइब्रेरी का अनुकूलन, रिस्क एंड एक्शन रजिस्टर , विश्लेषणात्मक उपकरण और संसाधन पोर्टल का उपयोग शामिल है।कार्यक्रम में क्षेत्रीय भ्रमण और संस्थागत अंतर्क्रियाएं भी शामिल हैं, जिससे प्रतिभागियों को मैदानी स्तर पर निर्वाचन नियोजन, समन्वय तंत्र और जोखिम न्यूनीकरण के व्यावहारिक दृष्टिकोण को समझने का अवसर मिलेगा।यह कार्यशाला IIIDEM-International IDEA के जोखिम प्रबंधन और निर्वाचन लचीलापन पर सहयोग ढांचे के तहत आयोजित की जा रही है, जो 2026 में अंतरराष्ट्रीय IDEA के सदस्य देशों की परिषद की भारत की चेयरशिप का हिस्सा है।