दिल्ली में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है। वीकेंड पर लोगों को ना दिन में राहत मिली, ना रात में चैन। पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है और सुबह-सुबह भी मौसम में ठंडक का नामोनिशान नहीं है। रविवार को रात का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री ज्यादा रहा। ये अप्रैल महीने में बीते छह सालों में सबसे ऊंचा तापमान माना जा रहा है।

दिल्ली में गर्मी ने बनाया नया रिकॉर्ड

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़े बताते हैं कि इससे पहले 25 अप्रैल 2019 को रात का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक गया था। शनिवार को तो दिल्ली में गर्मी ने नया रिकॉर्ड ही बना दिया, जब दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। ये पिछले तीन साल में अप्रैल महीने का सबसे ज्यादा तापमान रहा। रविवार को हल्की गिरावट देखने को मिली, लेकिन फिर भी पारा 41.3 डिग्री सेल्सियस पर टिक गया, जो औसत से 2.3 डिग्री ज्यादा है।

Weather Forecast Today: सोमवार को छाए रह सकते हैं बादल

अब बात करें आज यानी सोमवार की, तो मौसम विभाग का कहना है कि आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन गर्मी से फिलहाल बड़ी राहत नहीं मिलेगी। आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है।

मंगलवार को मौसम बदलेगा मिजाज

हालांकि उम्मीद की जा रही है कि मंगलवार को मौसम का मिजाज बदलेगा। 29 अप्रैल को दिल्ली और आसपास के इलाकों में आंधी और बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज हो सकती है। अनुमान है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान गिरकर 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।

उत्तर प्रदेश में मौसम ने ली करवट

वहीं उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदल गया है। रविवार को कई जिलों में आंधी और बारिश के बाद तापमान में गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी कुछ जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *