सरगुजा- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अप्रैल के महीने से ही गर्म हवाओं का असर साफ देखा जा रहा है. पश्चिमी भारत और राजस्थान की ओर से आ रही गर्म लहरों के कारण जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है. इसके चलते सरगुजा में इन दिनों भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
सड़कों पर पसरा सन्नाटा
भीषण गर्मी के कारण लोगों का दिन में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. जो लोग मजबूरी में बाहर निकलते भी हैं, वे सिर पर गमछा या हेलमेट पहनकर खुद को धूप से बचाने की कोशिश कर रहे हैं. जगह-जगह पानी से भरी हंडियों का सहारा लिया जा रहा है ताकि राहगीरों को थोड़ी राहत मिल सके.
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम केंद्र अंबिकापुर के अनुसार आने वाले दिनों में सरगुजा जिले में गर्मी का प्रकोप और बढ़ने की संभावना है. तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिसका सीधा असर चौक-चौराहों और बाजारों में दिखाई दे रहा है. विभाग ने लू को लेकर अलर्ट भी जारी कर दिया है.