4078145881738806504
14271021545470334915

छत्तीसगढ़ के रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अब ट्रेन से भी प्रदेश के विविध क्षेत्रों का दौरा करेंगे। यह निर्णय सीएम ने उस वक्त अचानक लिया जब कवि सम्मेलन में शामिल होने के लिए बिलासपुर जाने की तैयारियों पर बात चली। इसके बाद सीएम ने रविवार की शाम को अमरकंटक एक्सप्रेस से बिलासपुर तक का सफर किया।

सीएम साय ट्रेन पकड़ने के लिए मुख्यमंत्री निवास से कार द्वारा रेल्वे स्टेशन पहुंचे। वहां बिना विशेष ताम झाम के प्लेटफार्म तक पहुंचे। मुख्यमंत्री को अचानक प्लेटफार्म पर देखकर लोगों की खुशियों का ठिकाना न रहा। उन्होंने उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।

इस यात्रा के दौरान सीएम के साथ रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने रेलवे में हुए नवाचार और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के शासनकाल में रेलवे की सुविधाएं बेहतर हुई है।

मूंगफली के बिना रेल यात्रा पूरी नहीं

मुख्यमंत्री साय अमरकंटक एक्सप्रेस से रायपुर से बिलासपुर की यात्रा को लेकर खासे उत्सुक दिखे। वे प्लेटफार्म पर बैटरी चलित कार छोड़ आम यात्रियों की तरह प्लेटफॉर्म पर पैदल चले और ट्रेन से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। उन्होंने आम यात्री की तरह मूंगफली खाते हुए देशी अंदाज में कहा, इसके बिना भारतीयों की रेल यात्रा पूरी नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि ट्रेन सार्वजनिक संपत्ति है और ट्रेन की स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही यात्रियों को जागरूकता का परिचय देते हुए ट्रेन में खाने के बाद मूंगफली के छिलके इधर उधर नहीं फेंकने चाहिए जिससे अन्य यात्रियों को परेशानी न हो।

नए लोगों से होता है परिचय

मुख्यमंत्री ने कहा की ट्रेन यात्रा मेरे लिए नई नहीं है। विधायक एवं सांसद रहते हुए मैंने अनेक बार ट्रेन यात्रा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेन से यात्रा करने का आनंद यह है कि बहुत से नए लोगों से परिचय होता है। उनसे आत्मीय मुलाकात होती है और ऐसा लगता है कि बहुत बड़े परिवार के साथ यात्रा पर जा रहे हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *