दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग के सामने सोमवार को सिख समुदाय के सैकड़ों लोगों ने एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने खालिस्तानी समर्थकों द्वारा लंदन में भारतीय दूतावास में तिरंगे झंडे के अपमान को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया. उन्होंने यूके में भारतीय दूतावास की उचित सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. सिख समुदाय ने प्रदर्शन के दौरान, ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘वी लव इंडिया’ के नारे भी लगाए. प्रदर्शन का नेतृत्व बीजेपी नेता मजिंदर सिंह सिरसा ने किया और उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर विरोध का वीडियो भी शेयर किया. वहीं, प्रदर्शन में शामिल एक शख्स ने कहा, ‘हम खालिस्तान के खिलाफ हैं. मैं सिख समुदाय के सभी सदस्यों से अपील करना चाहता हूं कि भारतीय तिरंगे को खालिस्तानी झंडे से बदलने से पहले एक बार सोचें कि आप भारतीय कैसे हैं.’