रायपुर : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक प्रोफेसर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई घटना के करीब 36 घंटे के भीतर की गई।
पुलिस के मुताबिक, मामले का मुख्य आरोपी दुर्ग के भारती एग्रीकल्चर कॉलेज में पदस्थ प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया है। वह पिछले करीब एक साल से रायपुर कृषि महाविद्यालय से उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र ले जाने का काम कर रहा था।
लिफाफे में छेद कर बनाया प्रश्नपत्र का वीडियो
जांच में सामने आया कि 17 अगस्त को आरोपी प्रोफेसर ने आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए थे। इसके बाद उसने 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा के प्रश्नपत्र वाला लिफाफा कथित तौर पर अपने घर ले जाकर सुई और नुकीले औजार की मदद से उसमें छोटा छेद किया।
इसके बाद मोबाइल से प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। पुलिस के अनुसार, इस वीडियो को आरोपी ने अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक को 11 हजार रुपये में बेचा। इसके बाद प्रश्नपत्र की तस्वीरें और वीडियो अन्य छात्रों तक पहुंचे और सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल हो गए।
परीक्षा से पहले मिली पेपर लीक की जानकारी
20 अगस्त की सुबह परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले कवर्धा कृषि महाविद्यालय के ई-मेल और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रश्नपत्र वायरल होने की सूचना मिली। इसके बाद वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं परीक्षा प्रभारी डॉ. एन.आर. रंगारे की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए साइबर साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों को खंगाला। रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान दुर्ग निवासी छात्र अनुज मिंज को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद पुलिस को कथित तौर पर पूरे नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिली।
मोबाइल और अन्य सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग से जुड़े उपकरण, केबल, मोबाइल कनेक्टर समेत सुई, सूजा और फेविकोल जैसी सामग्री जब्त की है।
मामले में छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 की धारा 4, 5 और 10 तथा बीएनएस की धारा 316 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रोफेसर और छात्र शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया के अलावा अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र लीक होने के बाद इसे कितने छात्रों तक पहुंचाया गया और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।