रायपुर : कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के सामने रखीं। जनदर्शन में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े कुल 44 आवेदन मिले। कलेक्टर ने आवेदनों को देखते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल्द और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
जनदर्शन में कुछ मामलों में कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। महासमुंद के ग्राम मोंगरा की टेश्वरी साहू ने श्रम विभाग के खाते से जुड़ी समस्या को लेकर आवेदन दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला श्रम अधिकारी को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
ग्राम मालीडीह के बुधराम खैरवार ने एग्रीस्टेक पंजीयन, जबकि सिंघनपुर बसना के लखेन्द्र कश्यप ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। सरायपाली क्षेत्र के आवेदकों ने गौरव पथ से फोरलेन नेशनल हाईवे-53 तक पहुंच मार्ग पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत की।
जर्जर पुल और सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत
ग्राम खेमड़ा के ग्रामीणों ने गांव के जर्जर पुल की मरम्मत की मांग की। वहीं मोखापुटका के सरपंच ने सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन दिया। तुरी समाज के लोगों ने अपनी जाति को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने की मांग भी जनदर्शन में रखी।
ग्राम जगदीशपुर के लोगों ने वार्ड-13 से अटल चौक तक बनाए गए सीसी रोड के निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शिकायत की। मामले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने तत्काल जांच के निर्देश दिए और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) को जांच टीम भेजने को कहा।
जनदर्शन में नामांतरण, भूमि अतिक्रमण, पेंशन सहित अन्य समस्याओं से जुड़े आवेदन भी सामने आए। कलेक्टर ने सभी मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।