रायपुर : जशपुर के स्कूली विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में ‘अंतरिक्ष संगवारी’ अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण पहल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान, अंतरिक्ष यात्रा और भविष्य की तकनीकों से परिचित कराना है।

इस पहल के तहत जशपुर जिले के सभी आठ विकासखंडों से कक्षा 8वीं से 12वीं तक के करीब 10 हजार विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। परीक्षा, मूल्यांकन और साक्षात्कार के अलग-अलग चरणों के बाद अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि और प्रतिभा रखने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

बेंगलुरु जाने और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से मिलने का मौका

‘अंतरिक्ष संगवारी’ पहल को भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का भी समर्थन प्राप्त है। चयनित विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें बेंगलुरु भ्रमण का अवसर मिलेगा, जहां वे अंतरिक्ष और विज्ञान से जुड़े संस्थानों को करीब से समझ सकेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को शुभांशु शुक्ला से संवाद करने का अवसर भी प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जशपुर के बच्चों में प्रतिभा और सीखने की क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें सही मार्गदर्शन और आधुनिक संसाधनों तक पहुंच मिले। ‘अंतरिक्ष संगवारी’ जैसी पहल बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान को किताबों से आगे बढ़कर समझने और भविष्य में विज्ञान, अनुसंधान तथा अंतरिक्ष तकनीक में करियर के लिए प्रेरित करेगी।

ये है पूरा शेड्यूल

कार्यक्रम के लिए 15 सितंबर 2026 तक पंजीयन कराया जा सकेगा। इसके बाद 26 सितंबर को परीक्षा होगी। 27 से 29 सितंबर के बीच मूल्यांकन और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

चयनित विद्यार्थियों के लिए 1 से 7 अक्टूबर तक रायपुर में विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 15 अक्टूबर से बेंगलुरु यात्रा प्रस्तावित है। कार्यक्रम का समापन 26 अक्टूबर 2026 को पुरस्कार समारोह के साथ होगा।

दूरस्थ क्षेत्र के बच्चों को विज्ञान से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया।

‘अंतरिक्ष संगवारी’ के जरिए जशपुर के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को पहचानने और उसे सही दिशा देने की कोशिश की जा रही है। इससे विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *