छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में होने वाले नगरपालिका और त्रिस्तरीय पंचायत आम/उप निर्वाचन को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्वाचक नामावली 1 अक्टूबर 2026 को आधार तिथि मानकर तैयार की जाएगी।

नगरपालिका चुनाव के लिए कुल 417 पदों के लिए मतदाता सूची तैयार होगी। इनमें भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और बीरगांव नगर निगम के महापौर के 4 पद, 13 अध्यक्ष और 400 पार्षद पद शामिल हैं। वहीं उप निर्वाचन के लिए 1 अध्यक्ष और 6 पार्षद पदों की निर्वाचक नामावली का भी पुनरीक्षण किया जाएगा।

इसी तरह त्रिस्तरीय पंचायतों में कुल 814 पदों के लिए मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का 1 पद, सरपंच के 92 पद और पंच के 721 पद शामिल हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद मतदाताओं से दावा-आपत्ति ली जाएगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों के निराकरण के बाद 30 नवंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।

मतदाता सूची पुनरीक्षण के काम को पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में एक-एक निर्वाचक नामावली प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित अधिकारियों को तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *