अगर आपने पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाओं जैसे कि पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (PPF), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (SCSS), मासिक आय योजना (MIS), किसान विकास पत्र (KVP) या अन्य किसी योजना में निवेश किया है, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। डाक विभाग (Department of Posts) ने 15 जुलाई 2025 को एक नया निर्देश जारी किया है, जिसके तहत वे सभी खाते जो मियाद पूरी होने के बाद भी तीन वर्षों तक निष्क्रिय पड़े हैं, उन्हें फ्रीज कर दिया जाएगा।
इस फ्रीजिंग प्रक्रिया को साल में दो बार—1 से 15 जुलाई और 1 से 15 जनवरी के बीच—अंजाम दिया जाएगा। इसका मतलब है कि अगर आपका कोई खाता 30 जून या 31 दिसंबर तक मिच्योर हो चुका है और पिछले तीन वर्षों से उसमें कोई गतिविधि नहीं हुई है, तो उसे स्वतः फ्रीज कर दिया जाएगा।
यह नियम पोस्ट ऑफिस की लगभग सभी लोकप्रिय स्मॉल सेविंग स्कीम्स पर लागू होगा, जिनमें सावधि जमा (TD), मासिक आय योजना (MIS), किसान विकास पत्र (KVP), राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (NSC), सार्वजनिक भविष्य निधि (PPF), सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (SCSS), आवर्ती जमा (RD), और सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) शामिल हैं।
यदि आपका खाता फ्रीज हो जाता है, तो आप उसमें कोई नई राशि जमा नहीं कर पाएंगे और ना ही उसमें से निकासी कर सकेंगे। साथ ही, उस खाते से जुड़ी सभी ऑनलाइन सेवाएं भी बंद कर दी जाएंगी। फ्रीज किए गए खातों से पैसा निकालने या उसमें दोबारा लेन-देन करने के लिए आपको सबसे पहले खाता अनफ्रीज करवाना होगा।
खाता दोबारा सक्रिय करने के लिए आपको अपने नजदीकी डाकघर जाना होगा और कुछ आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। इनमें खाते की पासबुक या जमा प्रमाणपत्र, केवाईसी से जुड़े दस्तावेज जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, आपको खाता बंद करने के लिए निर्धारित फॉर्म (SB-7A) भी भरना होगा। जब ये दस्तावेज जमा हो जाएंगे और प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, तब जाकर आपका खाता पुनः सक्रिय किया जाएगा।
डाक विभाग का यह कदम ग्राहकों की जमा पूंजी को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। कई बार ऐसा देखा गया है कि खाताधारक मिच्योरिटी के बाद अपने खातों को निष्क्रिय छोड़ देते हैं, जिससे वे धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं या उनका पैसा लंबे समय तक फंसा रह सकता है। ऐसे में यह नई व्यवस्था खातों को सक्रिय बनाए रखने और जमाकर्ताओं को जागरूक करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
यदि आपने भी किसी पोस्ट ऑफिस स्कीम में निवेश कर रखा है, तो तुरंत अपने खाते की स्थिति जांचें। अगर खाता मिच्योर हो चुका है और तीन साल तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, तो उसे समय रहते या तो बंद करवाएं या उसकी अवधि बढ़वाएं। यह छोटी-सी सतर्कता भविष्य में होने वाली असुविधाओं से आपको बचा सकती है।