प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम 5 बजे राष्ट्र को संबोधित करते हुए देशवासियों को बड़ी राहत देने वाले कई महत्वपूर्ण ऐलान किए। त्योहारों से पहले जनता को तोहफा देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और मध्यम वर्ग के हित में ऐतिहासिक कदम उठा रही है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराते हुए लोगों से अपील की कि हर नागरिक स्वदेशी अपनाए और मेड-इन-इंडिया उत्पादों के इस्तेमाल को गर्व की आदत बनाए। उन्होंने जीएसटी सुधारों का ज़िक्र करते हुए कहा कि अब रोजमर्रा की ज्यादातर चीजें पहले से सस्ती हो जाएंगी, क्योंकि 12% टैक्स वाले लगभग 99% सामानों को घटाकर 5% स्लैब में लाया गया है। इस फैसले से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी और अनुमानित तौर पर 2.5 लाख करोड़ रुपये की बचत होगी। मोदी ने आयकर छूट पर भी बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब 12 लाख रुपये तक की आय टैक्स-फ्री होगी, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग को सीधा फायदा पहुंचेगा। उन्होंने इसे आर्थिक सुधारों की दिशा में उठाया गया क्रांतिकारी कदम बताया।
प्रधानमंत्री ने छोटे और मझोले उद्योगों (MSMEs) को देश की रीढ़ करार देते हुए राज्यों से विनिर्माण और निवेश को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने बताया कि जीएसटी स्लैब को सरल बनाया गया है, अब सिर्फ 5% और 18% टैक्स दरें लागू होंगी, जबकि तंबाकू और पान मसाला जैसे ‘सिन गुड्स’ पर 40% टैक्स जारी रहेगा। मोदी ने इसे उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इन सुधारों से देश की अर्थव्यवस्था और भी मजबूत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह त्योहारी सीजन अब ‘जीएसटी बचत उत्सव’ के रूप में मनाया जाएगा और हर घर की खुशियों को दोगुना करेगा।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने यह भी गर्व से बताया कि भारत ने अप्रैल-जून 2025 की तिमाही में 7.8% की जीडीपी वृद्धि दर्ज की है, जो पूरी दुनिया में सबसे तेज़ विकास दर है। उन्होंने कहा कि भारत तेज़ी से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है और सरकार के ये आर्थिक फैसले हर नागरिक के जीवन को सरल बनाने के साथ ही देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।