4078145881738806504
14271021545470334915
Mukesh Ambani family business 2025

देश के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) और उनका परिवार एक बार फिर भारत के सबसे मूल्यवान पारिवारिक व्यवसाय की सूची में शीर्ष पर पहुंच गया है। 2025 Hurun India Most Valuable Family Businesses की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, अंबानी परिवार का बिजनेस साम्राज्य 28.2 लाख करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ पहले पायदान पर कायम है।

रिलायंस: GDP का 12% हिस्सा

मुकेश अंबानी के नेतृत्व में रिलायंस इंडस्ट्रीज न केवल ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी है, बल्कि रिटेल और डिजिटल सेवाओं में भी इसका मजबूत दबदबा है। 1957 में धीरूभाई अंबानी द्वारा स्थापित यह कंपनी अब दूसरी पीढ़ी द्वारा संचालित हो रही है और भारतीय अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। रिपोर्ट में बताया गया है कि रिलायंस का यह मूल्यांकन भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के लगभग 12% के बराबर है।

पिछले साल भी अंबानी फैमिली इस लिस्ट में नंबर-1 रही थी, तब इसका मूल्यांकन 25.75 लाख करोड़ रुपये (309 बिलियन डॉलर) था, जो GDP के लगभग 10% के बराबर था।

बिरला फैमिली की बड़ी छलांग, जिंदल तीसरे नंबर पर

इस साल KM Birla परिवार ने 6.5 लाख करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ बाज़ार में अपनी स्थिति मज़बूत करते हुए दूसरे स्थान पर जगह बनाई है। पिछले साल की तुलना में इस परिवार के बिजनेस की वैल्यू में 1.1 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। वहीं, जिंदल परिवार 5.7 लाख करोड़ रुपये के साथ तीसरे पायदान पर रहा। खास बात यह है कि टॉप-3 फैमिली बिजनेस का कुल मूल्यांकन 40.4 लाख करोड़ रुपये है, जो फिलीपींस की GDP के बराबर है।

अनिल अग्रवाल की टॉप-10 में एंट्री

2025 की लिस्ट में सबसे बड़ी छलांग अनिल अग्रवाल के वेदांता ग्रुप ने लगाई है। 2.6 लाख करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ उनका परिवार 6 पायदान ऊपर चढ़ते हुए पहली बार टॉप-10 में शामिल हुआ है। इस बार टॉप-10 में आने के लिए न्यूनतम वैल्यू बढ़कर 2.2 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जो भारत के सबसे बड़े पारिवारिक व्यवसायों के तेजी से बढ़ते आकार को दर्शाती है।

टॉप-10 फैमिली बिजनेस 2025

  1. अंबानी फैमिली (Reliance Industries) – ₹28.2 लाख करोड़

  2. KM बिरला फैमिली – ₹6.5 लाख करोड़

  3. जिंदल फैमिली – ₹5.7 लाख करोड़

  4. बजाज फैमिली – ₹5.6 लाख करोड़

  5. महिंद्रा फैमिली – ₹5.4 लाख करोड़

  6. नादर फैमिली (HCL) – ₹4.7 लाख करोड़

  7. मुरुगप्पा फैमिली (Cholamandalam Investment & Finance) – ₹2.9 लाख करोड़

  8. प्रेमजी फैमिली (Wipro) – ₹2.8 लाख करोड़

  9. अनिल अग्रवाल फैमिली (Vedanta) – ₹2.6 लाख करोड़

  10. एशियन पेंट्स के को-फाउंडर्स (दानी, चोकसी, वकील) – ₹2.2 लाख करोड़

कैसे तय होती है रैंकिंग

Hurun की यह सूची भारत के सबसे मूल्यवान पारिवारिक व्यवसायों को उनकी कुल वैल्यू के आधार पर रैंक करती है। इसमें वही कंपनियां शामिल होती हैं, जिनमें संस्थापक परिवार का कोई वंशज सक्रिय रूप से व्यवसाय का संचालन करता है या बोर्ड में सदस्य के रूप में योगदान देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *