4078145881738806504
14271021545470334915

कुमेड़ी में बनाए गए आईएसबीटी से बस संचालन को लेकर परिवहन विभाग और बस ऑपरेटरों के बीच पहली बैठक शुक्रवार को आईडीए कार्यालय में हुई। बैठक में अधिकारियों ने राजस्थान और गुजरात की बसों को चलाने के लिए कहा तो ऑपरेटरों ने कहा कि गंगवाल से यहां बसों को लाकर वापस गंगवाल ले जाना होगा।

गंगवाल से यह बसें सीधे बाहर हो जाती हैं, इसलिए बेवजह दस किमी का राउंड शहर में क्यों बढ़ाया जाए। महाराष्ट्र और प्रदेश में लंबी दूरी तक जाने वाली बसों को यहां से चलाने को लेकर कुछ हद तक सहमति बनी है। अब आगामी सप्ताह में आयोजित होने वाली बैठक में फाइनल निर्णय लिया जाएगा।

नायता मुंडला के बाद अब कुमेडी आईएसबीटी से बस संचालन को लेकर प्रशासन को मशक्कत करनी पड़ रही है। संचालन को लेकर सहमति बनाने के लिए आयोजित बैठक में बस ऑपरेटर यहां से अभी बस संचालन करने के लिए असहज नजर आए।

ऑपरेटरों का कहना था कि यहां तक आने के लिए यात्रियों को दो सौ से तीन सौ रुपये भाड़ा चुकाना होगा। ऐसे में यात्री यहां तक आने के लिए परेशान होंगे। इससे बस संचालकों को ही नुकसान होगा। कुछ बस ऑपरेटरों ने कहा कि महाराष्ट्र रूट की बसों का रेडिसन चौराहे पर पिकअप पाइंट है, इसलिए इन बसों को यहां से चलाया जाए।

वहीं प्रदेश में ही लंबी दूरी तक चलने वाली बसों को भी यहां से चलाया जा सकता है। आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि अभी पहली बैठक हुई है। आगामी सप्ताह में संचालकों के साथ एक और बैठक होगी। बैठक में प्राइम रूट बस आनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद शर्मा सहित अन्य बस ऑपरेटर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *