आर्थिक रूप से कमजोर और अनाथ कन्याओं का सामूहिक विवाह
नारी विकास समूह और जन सेवा संस्कार उत्सव समिति के तत्वावधान में आज बिरगांव में 9 गरीब और अनाथ कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्पन्न होगा. महिला आयोग की पूर्व सदस्य पदमा चंद्राकर ने बताया कि वर्षभर बेसहारा कन्याओं की तलाश कर उनके विवाह की तैयारी की जाती है. विवाह के बाद कन्याओं को गृहस्थी का जरूरी सामान भी दिया जाएगा. कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कौशल्या साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोती साहू समेत कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे.
मेगा ब्लड डोनेशन कैंप
हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की ओर से मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन एम्स रायपुर के रजिस्ट्रेशन हॉल क्षेत्र में किया जा रहा है. यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा.
चित्रकला प्रतियोगिता और नाट्य कार्यशाला
लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी जयंती वर्ष के अवसर पर, संस्कार भारती छत्तीसगढ़ और दक्षिण-मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता और नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम बूढ़ातालाब स्थित बूढ़ेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित होगा.
ईस्टर पर्व समारोह
सेंट पॉल्स कैथेड्रल में ईस्टर पर्व के अवसर पर प्रभु यीशु के पुनरुत्थान की आराधना आयोजित की जाएगी. सुबह 4 बजे “सनराइज सर्विस” और 9 बजे विशेष आराधना का आयोजन होगा. वहीं शाम 6 बजे युवा सभा की ओर से “ईस्टर मेला” का आयोजन किया जाएगा.
फायनेंशियल वर्कशॉप
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस की ओर से होटल सयाजी में एक विशेष फायनेंशियल वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा. इस वर्कशॉप का संचालन प्रशिक्षक बिजेंद्र शर्मा द्वारा किया जाएगा, जो शाम 7 बजे से शुरू होगी.