रायपुर : राजधानी रायपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल पेश की। करीब 2500 लोगों की मौजूदगी, दर्जनों फूड स्टॉल और खानपान की व्यापक व्यवस्था के बावजूद पूरे आयोजन में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया गया। भोजन परोसने के लिए बांस की प्लेटों और लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया, वहीं पानी के लिए भी प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था अपनाई गई।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित इस महोत्सव में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेशभर से लगभग 2500 पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया।

खानपान से लेकर पेयजल तक प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था

महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए खानपान की व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए। फूड स्टॉलों पर प्लास्टिक की डिस्पोजेबल प्लेटों के स्थान पर बांस से बनी प्लेटों और प्लास्टिक के चम्मचों की जगह लकड़ी के चम्मचों का इस्तेमाल किया गया।

इसके अलावा प्लास्टिक के कप और गिलासों से भी परहेज किया गया। भोजन के लिए 2500 लोगों की बैठने की व्यवस्था की गई, जहां बांस की थालियों में भोजन और कागज के गिलासों में पानी परोसा गया। इस पहल से यह संदेश दिया गया कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों में भी प्लास्टिक का विकल्प अपनाया जा सकता है।

सजावट में भी अपनाया पर्यावरण अनुकूल तरीका

कार्यक्रम स्थल की सजावट और सूचना पट्टों में भी दोबारा इस्तेमाल की जा सकने वाली सामग्री का उपयोग किया गया। आयोजन के दौरान निकलने वाले कचरे के प्रबंधन के लिए गीले, सूखे और अन्य अपशिष्ट को अलग-अलग संग्रहित करने की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम के बाद कचरे के उचित संग्रहण और निस्तारण के इंतजाम भी किए गए। अपशिष्ट को कम करने के साथ पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को प्राथमिकता दी गई।

पथ विक्रेताओं के आर्थिक और डिजिटल सशक्तीकरण पर जोर

पीएम स्वनिधि महोत्सव का उद्देश्य पथ विक्रेताओं की उद्यमशीलता को सम्मान देना और उन्हें आर्थिक एवं डिजिटल रूप से सशक्त बनाना रहा। इस आयोजन के माध्यम से शहरी अर्थव्यवस्था में पथ विक्रेताओं के योगदान को भी रेखांकित किया गया।

महोत्सव में अपनाई गई जीरो वेस्ट व्यवस्था ने यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि हजारों लोगों की भागीदारी वाले सार्वजनिक कार्यक्रम भी पर्यावरण अनुकूल तरीके से आयोजित किए जा सकते हैं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *