रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ में अलर्ट जारी किया गया है। राज्य सरकार ने जनसुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 और 28 अक्टूबर को प्रदेश के 12 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने अधिकारियों को सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, कांकेर, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, बालोद और रायपुर जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। मंत्री टंक राम वर्मा ने जिला कलेक्टरों को संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और प्रभावित लोगों तक जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाने की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश के 1,769 संवेदनशील गांव चिन्हित

राज्य शासन ने संभावित आपदा के खतरे को देखते हुए प्रदेशभर में 1,769 संवेदनशील गांवों की पहचान की है। इनमें 12 अति संवेदनशील जिलों के 763 गांव शामिल हैं, जबकि शेष 21 जिलों में 1,006 संवेदनशील गांव चिन्हित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन को जर्जर और असुरक्षित मकानों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जलाशयों के जलस्तर पर नियमित नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जलाशयों के जलस्तर पर रहेगी नजर

राजस्व मंत्री ने कहा कि संभावित आपदा से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए समय पर सूचना और पूर्व तैयारी जरूरी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जलाशयों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में संबंधित क्षेत्रों के लोगों को 48 घंटे पहले सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही तेज हवाओं से नुकसान की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने पर जोर दिया गया है।

आपदा की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 1070

राज्य में आपदा संबंधी सूचनाएं प्राप्त करने और प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1070 जारी किया गया है। मौसम संबंधी चेतावनियों और पूर्वानुमान की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए ‘दामिनी’ और ‘मेघदूत’ मोबाइल ऐप का भी उपयोग किया जा रहा है।

नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

मंत्री टंक राम वर्मा ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने, अनावश्यक जोखिम से बचने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने अधिकारियों को संभावित आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का जोर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति में प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *