रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 4-2 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में शाहरुख और आशीष तानी पूर्ति ने दो-दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शमशेर की कप्तानी वाली संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाया। मुकाबला देखने के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी स्टेडियम पहुंचे।
दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि इससे पहले उन्हें टूर्नामेंट में जीत नहीं मिली थी। ऐसे में शुरुआत से ही खिलाड़ियों पर दबाव नजर आया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने संभलकर खेलते हुए गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की। हालांकि, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने आशीष तानी पूर्ति के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल की बदौलत शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। हाफ टाइम से ठीक पहले राजधानी रॉयल्स के रोशन ने शानदार रिवर्स हिट लगाकर गोल किया और स्कोर बराबर कर दिया।
दूसरे हाफ में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत की। राजधानी रॉयल्स के डिफेंस की एक चूक का फायदा उठाते हुए शाहरुख ने सर्कल के अंदर से शानदार रिवर्स फ्लिक लगाकर गोल दागा। इसके बाद आशीष तानी पूर्ति ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की बढ़त बढ़ा दी। इस गोल के साथ आशीष के टूर्नामेंट में कुल गोलों की संख्या नौ हो गई। तीसरे क्वार्टर के अंतिम मिनट में शाहरुख ने एक और गोल कर दिया। दाईं ओर से मिले शानदार पास को उन्होंने गोलपोस्ट में पहुंचाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया।
राजधानी रॉयल्स की ओर से ललित उपाध्याय ने पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम हार टालने में सफल नहीं हो सकी। मुकाबले में दो-दो गोल करने वाले आशीष तानी पूर्ति को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और शाहरुख को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। मैच के दौरान छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ चंदन कुमार, शारदा ग्रुप के चेयरमैन (वित्त) योगेंद्र शुक्ला, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक आदर्श श्रीवास्तव, गोयल ग्रुप के मार्केटिंग हेड चंद्रशेखर और छत्तीसगढ़ प्रदेश सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के महासचिव ओपी शर्मा भी मौजूद रहे।
न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में पहुंची
दिन के पहले मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और चक्रधर चैंपियंस के बीच मैच 4-4 से ड्रॉ रहा। सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व वाली न्यायधानी नाइट्स ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बने रहने के कारण सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। चक्रधर चैंपियंस की ओर से युवराज वाल्मीकि ने तीन गोल किए, जबकि न्यायधानी नाइट्स के केतन ने शानदार प्रदर्शन किया। इस मुकाबले के साथ लीग के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों की तस्वीर भी स्पष्ट हुई।