पांच संभागों के खिलाड़ी फुटबॉल और खो-खो में लेंगे हिस्सा, चार दिन तक चलेगा मुकाबला

खैरागढ़, खैरागढ़ के राजा फतेह सिंह खेल मैदान में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसमें रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के लगभग 330 खिलाड़ी तथा 50 खेल अधिकारी शामिल हो रहे हैं।

प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी फुटबॉल और खो-खो में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने गोल पोस्ट में गोल दागकर फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत की। राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी एवं वेसलियन स्कूल की छात्रा वर्णिका सिंह ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और नियमों का पालन करते हुए प्रदर्शन करने की शपथ दिलाई। स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को आकर्षक बनाया।

खेल से बढ़ता है आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और निरंतर अभ्यास से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का आह्वान किया।

चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पांचों संभागों के खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल और खो-खो के रोमांचक मुकाबले होंगे। इस आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और विभिन्न संभागों के खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। समारोह में जनप्रतिनिधियों, खेल अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *