छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबला ड्रॉ, संस्कारधानी को मिला टूर्नामेंट का पहला अंक
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच खेला गया मुकाबला 5-5 से ड्रॉ रहा। बैलाडीला बुल्स के जसकरण सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच गोल दागे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। वहीं, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने आखिरी क्षणों तक संघर्ष करते हुए मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया और टूर्नामेंट में अपना पहला अंक हासिल किया।
मैच के पहले हाफ में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने बेहतर खेल दिखाया। आर्यन खेस और आशीष तानी पूर्ति ने गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, दूसरे हाफ में जसकरण सिंह ने शानदार वापसी करते हुए पेनल्टी कॉर्नर और पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए गोल दागे और अपनी टीम को मुकाबले में वापस ला दिया।
मैच के अंतिम पांच मिनट में स्कोर 4-4 था। जसकरण सिंह ने शानदार टॉमहॉक शॉट लगाकर अपना पांचवां गोल किया और बैलाडीला बुल्स को 5-4 की बढ़त दिला दी। लेकिन संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने हार नहीं मानी और मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 5-5 कर दिया।
मुकाबले में आखिरी समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पांच गोल करने वाले जसकरण सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच देखने के लिए विधायक धरमलाल कौशिक, सारडा के हेड ऑफ ऑपरेशंस मनोज शाह और छत्तीसगढ़ जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी भी मौजूद रहे।
ड्रॉ के बाद बैलाडीला बुल्स दो अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स एक अंक के साथ पांचवें स्थान पर बनी हुई है। दोनों टीमों को अब भी टूर्नामेंट में पहली जीत का इंतजार है।