बेमेतरा, विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने रविवार को बेमेतरा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर रोजगार, जल संरक्षण और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण परिवारों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धार-अपार अभियान के तहत नदी किनारे चल रहे जल संरक्षण एवं ट्रेंच निर्माण कार्य का जायजा लिया। यहां कार्यरत 138 श्रमिकों से संवाद कर उन्हें योजना के प्रावधानों और समय पर मजदूरी भुगतान की जानकारी दी। उन्होंने एनएमएमएस ऐप के माध्यम से स्वयं श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कर पारदर्शिता का संदेश दिया।

निर्माण कार्यों और आजीविका पर जोर

तारन प्रकाश सिन्हा ने ग्राम पंचायत ताला में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और चारभाठा में स्कूल शौचालय निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत बाबामोहतरा में चौपाल के दौरान ग्रामीणों, श्रमिकों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर रोजगार एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। वहीं, ग्राम पंचायत जेवरा (एन) में 26 एकड़ क्षेत्र में किए गए फलदार वृक्षारोपण कार्य की सराहना की।

जल संरक्षण और भूजल स्तर की निगरानी

ग्राम पंचायत कठिया में आयुक्त ने पोस्ट मानसून जलदूत ऐप के माध्यम से कुओं के जलस्तर मापन की शुरुआत की। उन्होंने स्वयं कुएं के जलस्तर की रीडिंग लेकर ऐप पर अपलोड की। इस प्रक्रिया से मानसून के बाद भूजल स्तर का आकलन करने और जल संरक्षण की बेहतर कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी।

समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक निर्देश

मैदानी निरीक्षण के बाद बेमेतरा सर्किट हाउस में जिला पंचायत एवं जनपद पंचायतों के अधिकारियों-कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने, मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पद्माकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *