रायपुर, मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत कांकेर जिले में दो नए मार्गों पर बस सेवा शुरू की गई है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने भानुप्रतापपुर-कोरर और भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बस सेवाओं से वनांचल के 40 से अधिक गांवों के लोगों को नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।

बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, हाट-बाजार और शासकीय कार्यों के लिए आने-जाने में आसानी होगी। पहले नियमित बस सुविधा से वंचित रहे इन क्षेत्रों के लोगों को अब विकासखंड मुख्यालय, अस्पताल, विद्यालय और बाजार तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से ऐसे गांवों को भी सार्वजनिक परिवहन से जोड़ा जा रहा है, जहां पहले नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवहन का विस्तार लोगों को सुविधाओं के साथ विकास के नए अवसरों से जोड़ने में सहायक होगा।

कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि दूरस्थ अंचलों तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। नए बस मार्ग इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *