रायपुर, छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग का सघन वाहन जांच अभियान जारी है। 24 और 25 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 364 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 4 लाख 81 हजार 300 रुपये का समन शुल्क वसूला गया, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 5 वाहन जब्त किए गए। परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश और अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला परिवहन कार्यालयों ने यह अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना परमिट के 12, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के 10, बिना बीमा के 3 और बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के 27 वाहन मिले। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के 312 मामलों में भी कार्रवाई की गई।

19 वाहनों के परमिट निरस्त करने की तैयारी

नियम विरुद्ध वाहन संचालन के 19 मामलों में परमिट निरस्त करने के लिए प्रकरण तैयार किए गए हैं। इनमें 17 मामले रायपुर जिले के हैं। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *