रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ स्थित रैनीभाठा में आयोजित ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय खोलना, बस स्टैंड से हायर सेकेंडरी स्कूल तक तीन करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ का निर्माण, राजमहल मार्ग पर पुल बनाना, वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम का निर्माण और मां समलाई मंदिर के समीप डोम शेड का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र की प्रशासनिक सुविधाएं और नगरीय अधोसंरचना मजबूत होंगी। मुख्यमंत्री साय ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा सत्य और धर्म की विजय का पर्व है। यह हमें अपने भीतर की बुराइयों, अहंकार, क्रोध और लोभ पर विजय प्राप्त कर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बिलाईगढ़ के राजशाही दशहरा उत्सव को क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। साथ ही इस ऐतिहासिक परंपरा को पीढ़ियों से संरक्षित रखने के लिए राजपरिवार, आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध है। प्रदेश को माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम का ननिहाल माना जाता है। वनवास के दौरान प्रभु श्रीराम के दंडकारण्य क्षेत्र से जुड़े प्रसंग, शिवरीनारायण और राजिम जैसे धार्मिक स्थल छत्तीसगढ़ की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को दर्शाते हैं। उन्होंने बताया कि श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को सरकारी खर्च पर अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के दर्शन का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से वहां शांति एवं विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है। इससे सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। ऐतिहासिक परंपराओं और धार्मिक स्थलों के संरक्षण के साथ सड़क, रेल और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक एकता, सद्भाव एवं प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *