युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर बोले- 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका निर्णायक रायपुर, छत्तीसगढ़ के युवाओं को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा स्थित मल्टीपर्पज स्कूल में जिला स्तरीय ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में हुए इस आयोजन में युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा, नवाचार और मेहनत देश को प्रगति के नए मुकाम तक पहुंचा सकती है। उन्होंने बताया कि ‘युवा उड़ान’ अभियान की शुरुआत 31 अगस्त 2026 को बीजापुर से हुई थी और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही इस अभियान का 21वां जिला है। इसका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

लक्ष्य, अनुशासन और मेहनत से मिलेगी सफलता

युवा आयोग अध्यक्ष ने युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर मेहनत करने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक जानकारियों और अफवाहों से सतर्क रहने तथा किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहते हुए आधुनिक शिक्षा एवं तकनीक का सदुपयोग करें। उन्होंने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का भरोसा मजबूत हुआ है। युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानकर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।

शिक्षा, रोजगार और जनसेवा में आगे आएं युवा

मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और जनसेवा के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा और सकारात्मक सोच से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी योगदान दे सकते हैं। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले के युवाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के युवाओं में शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने, कौशल विकसित करने और निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

नुक्कड़ नाटक से यातायात सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश

कार्यक्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), पेंड्रा के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने और नशे से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम में नशामुक्ति अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

युवाओं को साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध फोन कॉल से सावधान रहने, बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में डॉ. राजेश कुमार कुशवाहा ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर व्याख्यान देते हुए युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *