पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर रायपुर, कोरबा जिले में सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों का निरीक्षण कर काम की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। साथ ही सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। सचिव ने कोरबा में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने तथा बीटी पैच के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

औद्योगिक कॉरिडोर और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण

मुकेश कुमार बंसल ने कटघोरा–हरदीबाजार–बलौदा–अकलतरा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और हरदीबाजार–तरदा–सर्वमंगला–इमलीछापर मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की स्थिति और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक निर्माणाधीन सीमेंट-कांक्रीट सड़क का भी निरीक्षण किया। 2.84 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को दिए।

गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन जरूरी

सचिव ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। काम के दौरान आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए, ताकि प्रगति प्रभावित न हो और लोगों को विकास कार्यों का लाभ जल्द मिल सके। निरीक्षण के दौरान कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे, अधीक्षण अभियंता सुरेश भूपल और कोरबा संभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *