वॉलीबाल, सॉफ्टबाल और हैंडबाल में 16 अक्टूबर तक होंगे मुकाबले रायपुर, कबीरधाम जिले के कवर्धा स्थित स्वामी करपात्री जी स्टेडियम में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें पूरे समर्पण के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों जोन के 440 खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। खिलाड़ियों को परिणाम की चिंता छोड़कर अपने खेल को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। मेहनत, लगन और समर्पण से ही सफलता मिलती है और प्रतिभा को पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन ऐसा होना चाहिए कि दर्शक भी उनके खेल की सराहना करें।

दूरस्थ अंचलों के खिलाड़ियों का किया स्वागत

विजय शर्मा ने बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर, रायपुर और दुर्ग जोन से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने बस्तर के दूरस्थ अंचलों, अबूझमाड़, सुकमा और बीजापुर से आए खिलाड़ियों की भागीदारी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा अब आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा से देशभर में पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में ध्वजारोहण किया गया। विभिन्न जोन के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट के जरिए अनुशासन, एकता और खेल भावना का परिचय दिया। उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

पांच जोन के 440 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग, कबीरधाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 13 से 16 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें 220 बालक और 220 बालिकाओं सहित कुल 440 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। चार दिनों तक चलने वाली स्पर्धाओं में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।

तीन खेलों में होंगे मुकाबले

प्रतियोगिता में 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की वॉलीबाल स्पर्धा आयोजित की जा रही है। वहीं, 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं सॉफ्टबाल और हैंडबाल में हिस्सा ले रहे हैं। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों की तकनीक, टीमवर्क और खेल भावना देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, अन्य जनप्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा और खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *