सेवा संकल्प अभियान के तहत राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने बांटे कृत्रिम अंग, कैलिपर्स और स्प्लिंट
बलौदाबाजार, सेवा संकल्प अभियान के तहत बलौदाबाजार के नगर भवन में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर लगाया गया। शिविर में दिव्यांगजनों का चिन्हांकन और प्रमाणीकरण करने के साथ मौके पर ही कृत्रिम अंग, कैलिपर्स और स्प्लिंट उपलब्ध कराए गए। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचकर 29 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए।
सहायक उपकरण मिलने के बाद मंत्री ने लाभार्थियों से मुलाकात कर उनकी जरूरतों और अनुभवों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिविर में पंजीकृत सभी पात्र दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी पांच विकासखंडों में 21 से 25 सितंबर तक दिव्यांगजन चिन्हांकन एवं वितरण शिविर लगाए गए। इन शिविरों में कुल 775 दिव्यांगजनों का पंजीयन हुआ, जबकि अब तक 199 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क सहायक उपकरण दिए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में टंक राम वर्मा ने कहा कि ऐसे शिविरों के जरिए जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मौजूद रहे।