मुख्यमंत्री ने समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम को दी श्रद्धांजलि, कहा- उनकी सेवा और समर्पण भावी पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा
रायपुर, मुंगेली जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल मदकूद्वीप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम को श्रद्धांजलि अर्पित की। वे शांताराम के वार्षिक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए और उनकी स्मृति में बनाए गए उद्यान का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मदकूद्वीप की पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने में स्वर्गीय शांताराम का योगदान महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने इस क्षेत्र की विरासत के संरक्षण और इसके महत्व को लोगों तक पहुंचाने के लिए लंबे समय तक काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शांताराम का सेवा भाव केवल मदकूद्वीप तक सीमित नहीं था। बैतलपुर में शिव मंदिर निर्माण, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और विभिन्न सामाजिक कार्यों के साथ नवागढ़ के शमी गणेश मंदिर के पुनर्निर्माण में भी उनका योगदान रहा। उन्होंने कहा कि समाज के लिए किए गए निःस्वार्थ कार्य ही किसी व्यक्ति की सबसे बड़ी विरासत बनते हैं।
स्मृति उद्यान में दिखेगा सेवा और संस्कृति का संदेश
स्वर्गीय शांताराम की स्मृति में बनाए गए उद्यान का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थान उनकी स्मृतियों को संजोने के साथ लोगों को उनके सेवाभाव और सांस्कृतिक विरासत के प्रति समर्पण से परिचित कराएगा। उन्होंने कहा कि अपनी धरोहर को सहेजना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मदकूद्वीप जैसे स्थल केवल इतिहास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की पहचान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े हैं। इनके संरक्षण के लिए सरकारी प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत लगाया कल्पवृक्ष
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कल्पवृक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ उसकी देखभाल भी जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जोड़ते हुए उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मदकूद्वीप में प्रकृति, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के प्रयास एक साथ आगे बढ़ाए जाएंगे, ताकि इस क्षेत्र की पहचान और महत्व को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रखा जा सके।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, मंत्री दयाल दास बघेल और लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला और पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।