कोरबा : शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में आयोजित दीक्षारम्भ समारोह में नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान कॉलेज की करीब 1,500 छात्राओं को CSR मद से एजुकेशन किट वितरित की गई।

मंत्री देवांगन ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा, “बेटियां जितना पढ़ेंगी, उतना ही परिवार, समाज और प्रदेश सशक्त होगा।”

मिनीमाता कॉलेज में बनेगा विशाल डोम

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कॉलेज में अधोसंरचना से जुड़ी बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि DMF मद से शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में विशाल डोम का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अन्य शासकीय कॉलेजों में भी जरूरत के मुताबिक विशाल डोम बनाए जाने की दिशा में काम किया जाएगा।

युवाओं को विकास की धुरी बनाने पर जोर

मंत्री देवांगन ने कहा कि विकसित भारत और वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास मॉडल में GYAN यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को केंद्र में रखा गया है।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा का सकल नामांकन अनुपात (GER) वर्ष 2021-22 के 19.6 प्रतिशत से बढ़कर 27.5 प्रतिशत हो गया है।

महापौर ने छात्राओं से कहा- मेहनत को बनाएं अपनी ताकत

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने छात्राओं को देश के भविष्य की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और संघर्ष के जरिए बेटियां अपने लक्ष्य को हासिल कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के साथ अपने आत्मविश्वास को मजबूत करने का आह्वान किया।

शिक्षा को DMF में प्राथमिकता

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि कोरबा जिले में DMF से होने वाले कार्यों में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के छात्र-छात्राओं को देश के किसी भी शासकीय महाविद्यालय में उच्च अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद, कॉलेज की प्राचार्य पपिया चतुर्वेदी, प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *