रायपुर : छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियों को लेकर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में धान खरीदी केंद्रों की तैयारियों, किसान पंजीयन, बारदाने की व्यवस्था, चावल भंडारण और गोदाम निर्माण सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

मंत्री बघेल ने अधिकारियों को खरीफ सीजन शुरू होने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने खासतौर पर नए धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा।

किसान पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसान पंजीयन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने एग्रीस्टेक पंजीयन से जुड़े शेष किसानों का पंजीयन जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने खरीदी और संग्रहण केंद्रों पर होने वाली शॉर्टेज की मात्रा कम करने के लिए भी जरूरी कदम उठाने को कहा।

कस्टम मिलिंग चावल के भंडारण पर फोकस

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत भारतीय खाद्य निगम और नागरिक आपूर्ति निगम में कस्टम मिलिंग चावल के उपार्जन की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान चावल के समयबद्ध भंडारण और वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

गोदाम निर्माण की प्रगति की समीक्षा

खाद्य मंत्री ने राज्य भण्डार गृह निगम के तहत चल रहे गोदाम निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन गोदामों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था में पर्याप्त क्षमता उपलब्ध रहे।

वहीं, नापतौल विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी धर्मकांटों का सत्यापन पूरा कराने को कहा।

बैठक में खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, संचालक खाद्य डॉ. फरिया आलम, नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक विलास भोसकर संदीपन, विपणन संघ के प्रबंध संचालक जितेन्द्र शुक्ला, भारतीय खाद्य निगम के महाप्रबंधक दीपक शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जिला खाद्य नियंत्रक/खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक, राज्य भण्डार गृह निगम के प्रबंधक और नापतौल विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान मंत्री दयालदास बघेल ने सिटी गैस वितरण योजना की विभागीय वेबसाइट का शुभारंभ भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *