ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। जस्टिस कृष्न राम महापात्र (Krushna Ram Mohapatra) ने सोमवार को रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम् में मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने जस्टिस महापात्र को राष्ट्रपति की ओर से जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। जस्टिस महापात्र इससे पहले उड़ीसा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।

जस्टिस महापात्र के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व राज्यपाल रमेश बैस भी समारोह में शामिल हुए।

समारोह में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के साथ जस्टिस महापात्र की पत्नी अनिता महापात्र भी मौजूद रहीं। राज्य के मुख्य सचिव विकास शील ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम का संचालन किया और राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया।

इस दौरान राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा महाधिवक्ता, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल और बड़ी संख्या में हाईकोर्ट के अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।

जस्टिस कृष्न राम महापात्र छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायिक प्रशासन को नया नेतृत्व मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *