ब्रेकिंग न्यूज़
मोर माटी सांस्कृतिक संगठन के कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, बोले- तीजा रिश्तों और पोरा किसान व कृषि परंपरा से जुड़ा पर्व लोकधुनों और लोकनृत्यों से सजा ‘लोकरंग पर्व’, तीन दिवसीय आयोजन में दिख रही छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की विविध रंगत नक्सलवाद पर निर्णायक सफलता के बाद विकास को लेकर बोले मुख्यमंत्री, कहा- बस्तर के लोगों की इच्छा और हित सर्वोपरि छत्तीसगढ़ में UCC को लेकर बढ़ी हलचल, 8-9 सितंबर से दुर्ग संभाग में शुरू होगा जन-संवाद बहतराई स्टेडियम में गूंजा तीजा तिहार का उल्लास, बहनों संग मुख्यमंत्री साय ने मनाई तीज की खुशियां ‘नमस्ते’ योजना में छत्तीसगढ़ का बड़ा मुकाम, देश में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर

रायपुर : छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मंच और बेहतर अवसर देने की है।

समापन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए अरुण साव ने कहा कि खेल के मैदान में मेहनत और संघर्ष करने वाले खिलाड़ी ही सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा, ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा।’ उन्होंने खेलो इंडिया के जरिए खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भी खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

खेलों के लिए 100 करोड़ का प्रावधान

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हाल ही में 1.74 करोड़ रुपए की राशि वितरित की है। वहीं अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के तहत इस साल के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस राशि से खेल अधोसंरचना के साथ स्पोर्ट्स साइंस को भी मजबूत करने की योजना है।

उन्होंने प्रदेश में आयोजित बस्तर और सरगुजा ओलंपिक का भी उल्लेख किया। साथ ही छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलने और खेल अलंकरण को दोबारा शुरू किए जाने को खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

3800 अंक लेकर बिलासपुर ने जीता खिताब

चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ियों और 150 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

सभी स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने 3800 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिताएं बिलासपुर के संजय तरण पुष्कर और छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में आयोजित हुईं। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : अमर अग्रवाल

बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी है। खेल शारीरिक और मानसिक मजबूती के साथ अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि देश में खेलों को लेकर बनाई जा रही नीतियों का असर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन में भी दिखाई दे रहा है।

खेल की प्रतिस्पर्धा से निखरता है भविष्य : धरमलाल कौशिक

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेल के मैदान की प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने प्रदर्शन के जरिए परिवार, छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

समापन समारोह में मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्वनी कुमार भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी वर्षा शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *