कवर्धा : शिक्षक दिवस के अवसर पर कवर्धा के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 108 शिक्षकों को शिक्षा दूत और ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया।
सम्मानित शिक्षकों में सेवानिवृत्त शिक्षक भी शामिल रहे। सभी शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, मोमेंटो और प्रमाण पत्र भेंट कर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
शिक्षक सिर्फ पढ़ाते नहीं, विद्यार्थियों का भविष्य भी गढ़ते हैं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि समाज में शिक्षकों का स्थान हमेशा सम्मानजनक और महत्वपूर्ण रहा है। शिक्षक केवल कक्षा में पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें सही दिशा देने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुजनों से मिला ज्ञान और संस्कार जीवन के हर पड़ाव पर काम आता है। शिक्षक द्वारा विद्यार्थी जीवन में दी गई सीख लंबे समय तक व्यक्ति का मार्गदर्शन करती है।
अपने गुरुजनों को सम्मानित कर लिया आशीर्वाद
समारोह में भावुक पल भी देखने को मिला। विजय शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन के गुरुजनों जी.आर. चंदेल, पी.पी. दुबे, एम.आर. महोबिया, विजेंद्र श्रीवास्तव और एम.के. गुप्ता को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने अपने गुरुजनों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया।
अपने विद्यार्थी जीवन की यादें साझा करते हुए शर्मा ने बताया कि उन्होंने स्वामी करपात्री जी विद्यालय में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक पढ़ाई की। उन्होंने कहा कि उस दौरान शिक्षकों ने पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों के जरिए भी उन्हें कई महत्वपूर्ण बातें सिखाईं, जिनका लाभ आज भी उन्हें मिल रहा है।
84 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की तैयारी
उप मुख्यमंत्री ने कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 84 हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम तैयार किए जा रहे हैं।
इनमें से 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा शुरू की जा चुकी है, जबकि बाकी 34 स्कूलों में भी जल्द स्मार्ट क्लास रूम स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधाजनक शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।