रायपुर : छत्तीसगढ़ का लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ई-ऑफिस के जरिए सरकारी फाइलों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। मई, जून और जुलाई 2026 की तिमाही रैंकिंग में विभाग ने छत्तीसगढ़ मंत्रालय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। जुलाई महीने की अलग रैंकिंग में भी विभाग नंबर-1 रहा।

ई-ऑफिस के प्रभावी संचालन और नस्तियों के समय पर निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से स्वास्थ्य विभाग को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया है। विभाग की इस उपलब्धि को प्रशासनिक कामकाज में तेजी और डिजिटल व्यवस्था के बेहतर इस्तेमाल से जोड़कर देखा जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दी बधाई

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विभाग की इस उपलब्धि पर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, काम के प्रति प्रतिबद्धता और ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग का परिणाम है।

मंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों से इसी तरह समन्वय के साथ काम जारी रखने की अपील की। उन्होंने विभागीय कामकाज में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही को और मजबूत करने के साथ आम लोगों से जुड़े मामलों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य विभाग की लगातार बेहतर ई-ऑफिस रैंकिंग से मंत्रालय स्तर पर डिजिटल और समयबद्ध कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *