कोरबा : कोरबा जिले के बालको क्षेत्र से लगे ग्राम पंचायत जामबहार में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। यहां 3.40 करोड़ रुपये की लागत से 33/11 केवी और 5 एमवीए क्षमता का नया विद्युत सबस्टेशन बनाया जाएगा। उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने मंगलवार को सबस्टेशन निर्माण के लिए भूमिपूजन किया।

नए सबस्टेशन के शुरू होने के बाद जामबहार समेत आसपास के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही मौजूदा सबस्टेशनों पर पड़ने वाला अतिरिक्त भार भी कम होगा। योजना से क्षेत्र के 4,500 से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को सीधे लाभ मिलने की बात कही गई है।

इन इलाकों में सुधरेगी बिजली सप्लाई

नए सबस्टेशन का फायदा कोरबा शहरी क्षेत्र की रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, मदरसा मोहल्ला, हवाई पट्टी, खान मोहल्ला और जोगियाडेरा जैसी बस्तियों को मिलेगा। ग्रामीण इलाकों में जामबहार के अलावा रोकबहरी, सोनपुरी, परसाबातेल और चुहिया के उपभोक्ताओं को भी बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती बिजली की जरूरत को देखते हुए नए सबस्टेशन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसके बनने से बिजली सप्लाई अधिक व्यवस्थित होगी और उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली आपूर्ति संबंधी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों से Solar Scheme का लाभ लेने की अपील

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और बिजली बिल समाधान योजना का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर उपभोक्ता अपनी जरूरतों के अनुसार बेहतर विकल्प अपना सकते हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जनप्रतिनिधि रफीक मेमन, निगम पार्षद नरेंद्र देवांगन, सीमा कंवर, जामबहार सरपंच उपन सिंह कंवर सहित बिजली विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *