रायपुर : मंत्रालय महानदी भवन में मंगलवार को आयोजित मासिक सम्मान कार्यक्रम में ई-ऑफिस और कार्यालय में समयबद्ध उपस्थिति के मामले में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मुख्य सचिव विकासशील ने जुलाई महीने की रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए।
ई-ऑफिस में नस्तियों के त्वरित निराकरण के मामले में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने पहला स्थान हासिल किया। आदिम जाति विकास विभाग दूसरे और ग्रामोद्योग विभाग तीसरे स्थान पर रहा। मुख्य सचिव ने सम्मानित अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि ई-ऑफिस के इस्तेमाल में विभाग आगे भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
I-GOT पर हर माह 3-4 कोर्स करने की सलाह
मुख्य सचिव ने अधिकारियों-कर्मचारियों से I-GOT प्लेटफॉर्म का अधिक प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को विभागीय जरूरत के अनुसार हर महीने कम से कम 3 से 4 कोर्स पूरे करने की सलाह दी। I-GOT रैंकिंग में भी बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
जुलाई की ई-ऑफिस रैंकिंग में संयुक्त सचिव से कनिष्ठ सचिवालय सहायक स्तर तक अलग-अलग श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मान मिला। संयुक्त सचिव श्रेणी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव सच्चिदानंद आलोक प्रथम, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की संयुक्त सचिव जयश्री जैन द्वितीय और आदिम जाति विकास विभाग के संयुक्त सचिव भूपेन्द्र कुमार राजपूत तृतीय रहे।
तीन महीने की रैंकिंग में भी विभागों का प्रदर्शन
तीन महीने की ई-ऑफिस रैंकिंग में आदिम जाति विकास विभाग के संयुक्त सचिव भूपेन्द्र कुमार राजपूत पहले, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव सच्चिदानंद आलोक दूसरे और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की संयुक्त सचिव जयश्री जैन तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं, तीन महीने की अटेंडेंस रैंकिंग में उच्च शिक्षा विभाग के सहायक अनुभाग अधिकारी लोक नारायण शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। सामान्य प्रशासन विभाग के भृत्य राज कुमार सोरी दूसरे और वरिष्ठ सचिवालय सहायक मेलू राम ध्रुव तीसरे स्थान पर रहे।
विभागीय रैंकिंग में तीन महीने के प्रदर्शन के आधार पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पहले, गृह विभाग दूसरे और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तीसरे स्थान पर रहा।
विभागाध्यक्ष और जिला कार्यालय भी सम्मानित
ई-ऑफिस में विभागाध्यक्ष स्तर की रैंकिंग में उच्च शिक्षा विभाग की आयुक्त रीता यादव प्रथम, आदिम जाति विकास विभाग के आयुक्त डी. राहुल वेंकट द्वितीय और उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक जॉन तिग्गा तृतीय स्थान पर रहे। चिकित्सा शिक्षा विभाग के सहायक ग्रेड-3 वेद प्रकाश देवांगन चौथे और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के डाटा एंट्री ऑपरेटर पीताम्बर प्रसाद पांचवें स्थान पर रहे।
जिला कार्यालयों की ई-ऑफिस रैंकिंग में रायपुर की सहायक परियोजना अधिकारी अनिता जैन पहले स्थान पर रहीं। सक्ती जिला कार्यालय की सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर नंदनी सोनी दूसरे और रायपुर के नोडल अधिकारी पंकज कुमार शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। सक्ती के ई-जिला तकनीकी प्रबंधक तुलसी देवांगन चौथे और कबीरधाम के अधीक्षक राजेन्द्र सिंह धुर्वे पांचवें स्थान पर रहे।
I-GOT रैंकिंग में आयुक्त बिलासपुर कार्यालय के चौकीदार गौतम कुमार देवांगन पहले, बलौदाबाजार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के व्याख्याता प्रेम नारायण नायक दूसरे और बालोद पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आरक्षक दिनेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों में अटेंडेंस और ई-ऑफिस रैंकिंग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि ई-ऑफिस और डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का प्रभावी इस्तेमाल सरकारी कामकाज को अधिक तेज, व्यवस्थित और परिणाम-केंद्रित बनाने में मदद करेगा।