रायपुर : राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात की। इस दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की यात्रा, राष्ट्रपति से हुई बातचीत और वहां मिले अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात उनके लिए बेहद खास और यादगार रही। राष्ट्रपति ने बच्चों से सहजता से बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए पलों के अनुभव भी मुख्यमंत्री को बताए।
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। यदि उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने के साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी रोशन कर सकते हैं।
नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी
रक्षाबंधन के मौके पर राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात का सबसे भावुक पल CWSN (Children with Special Needs) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा के लिए रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नुकेश को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेहपूर्ण व्यवहार नुकेश के साथ मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी यादगार बन गया।
सुवा नृत्य से दिखी छत्तीसगढ़ की संस्कृति
राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। छात्राओं ने पारंपरिक सुवा नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसे राष्ट्रपति ने सराहा। लोकगीत, संगीत और पारंपरिक नृत्य के जरिए विद्यार्थियों ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को देश के प्रमुख मंच पर प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रपति भवन तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी जब अपनी लोक परंपराओं को अपनाकर बड़े मंचों पर प्रस्तुत करती है तो इससे प्रदेश की संस्कृति को नई पहचान मिलती है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और यात्रा के अनुभव को आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाने की अपील की। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान देने, बड़े लक्ष्य तय करने और लगातार मेहनत करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे। इस दौरान राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा डॉ. मुक्ति बैस और महासमुंद के शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के व्याख्याता चंद्रशेखर मिथलेश भी मौजूद रहे।