रायपुर : छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने प्लेसमेंट के जरिए मानव संसाधन उपलब्ध कराने वाली एजेंसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मेसर्स टॉपग्रेड मेनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, राजनांदगांव की 10 लाख रुपये की Performance Security जब्त कर ली गई है। इसके साथ ही एजेंसी को मंडल में कार्यरत एजेंसियों की Black List में डाल दिया गया है।

मामला मंडल मुख्यालय में काम कर रहे प्लेसमेंट कर्मचारियों की शिकायत से जुड़ा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया था कि एजेंसी ने करीब पांच महीने तक उनके वेतन से सुरक्षा निधि के नाम पर राशि काटी। कर्मचारियों को यह राशि कार्यकाल समाप्त होने के बाद वापस करने की बात कही गई थी, लेकिन रकम वापस नहीं की गई।

शिकायत मिलने के बाद मंडल ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों, बैंक खातों और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की गई। इसमें सामने आया कि कर्मचारियों के वेतन से किश्तों में राशि काटी गई थी। साथ ही मंडल से एजेंसी को मिली रकम की तुलना में कर्मचारियों को कम वेतन दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई।

मंडल ने एजेंसी को इस मामले में नोटिस जारी कर जवाब मांगा। एजेंसी ने अपने जवाब में कर्मचारियों के वेतन से राशि काटे जाने की बात स्वीकार की। शिकायत के बाद एजेंसी की ओर से कुछ राशि कर्मचारियों को वापस किए जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई।

जांच के आधार पर मंडल ने माना कि एजेंसी ने निविदा और अनुबंध में तय शर्तों का पालन नहीं किया। नियमों के मुताबिक कर्मचारियों के वेतन, EPF, ESIC और अन्य वैधानिक अंशदान से जुड़े प्रावधानों का पालन करना एजेंसी की जिम्मेदारी थी।

निविदा की शर्तों में यह भी स्पष्ट था कि संतोषजनक तरीके से काम नहीं करने या अनुबंधीय शर्तों का उल्लंघन होने पर Performance Security जब्त की जा सकती है। इसके अलावा संबंधित श्रम कानूनों और कर्मचारियों के EPF एवं ESIC अंशदान से जुड़े नियमों का पालन करना भी अनिवार्य था।

इन्हीं प्रावधानों के आधार पर गृह निर्माण मंडल ने 10 लाख रुपये की Performance Security राजसात करने का फैसला लिया। साथ ही मेसर्स टॉपग्रेड मेनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को मंडल में कार्यरत एजेंसियों की काली सूची में दर्ज कर दिया गया।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन, EPF, ESIC और अन्य वैधानिक लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित करना मंडल की प्राथमिकता है।

मंडल की इस कार्रवाई के बाद यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कर्मचारियों के वेतन से अनुचित कटौती, वैधानिक अंशदान में लापरवाही या अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *