रायपुर : जशपुर जिले में फुटबॉल को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम बनाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 5 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। स्टेडियम बनने के बाद जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में इस परियोजना को मंजूरी दी गई है। आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया जाएगा।
जशपुर में फुटबॉल को लेकर युवाओं और खिलाड़ियों में पहले से ही खासा उत्साह है। ऐसे में नए स्टेडियम को जिले में फुटबॉल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की तैयारी है। यहां नियमित प्रशिक्षण के साथ जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल आयोजनों के लिए भी सुविधाएं विकसित होंगी।
नए स्टेडियम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता निखारने का बेहतर मौका मिलेगा। खिलाड़ियों को जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से जशपुर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल अधोसंरचना विकसित करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। ऐसे में फुटबॉल स्टेडियम के लिए मिली यह स्वीकृति जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।