रायपुर : नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद 288 से ज्यादा भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। लापता लोगों में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर की रहने वाली डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल हैं। वह ब्रिटेन में चिकित्सक के तौर पर कार्यरत हैं। मामले को लेकर छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने चिंता जताते हुए उनकी सुरक्षित वापसी के लिए विदेश मंत्रालय और नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क साधा है।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि डॉ. मीना गुप्ता के परिवार के साथ प्रशासन और सरकार हरसंभव सहयोग के लिए खड़ी है। उन्होंने बताया कि डॉ. मीना गुप्ता से संबंधित जरूरी जानकारी विदेश मंत्रालय तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि उनकी तलाश और सुरक्षित वापसी के प्रयासों में तेजी लाई जा सके।

विदेश मंत्रालय से संपर्क, परिवार को दी गई जरूरी जानकारी

मंत्री के मुताबिक, इस मामले में विदेश मंत्रालय से तत्काल संपर्क किया गया है। मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई ई-मेल आईडी डॉ. मीना गुप्ता के पिता और अंबिकापुर के वरिष्ठ नेता कर्ताराम गुप्ता को दी गई है। इसके जरिए डॉ. मीना से जुड़ी जरूरी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जा रही है।

नेपाल में बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर के बीच परिवार लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहा है। अधिकारियों और राजनयिक माध्यमों से उपलब्ध जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

मंत्री बोले- परिवार की चिंता को समझा जा सकता है

राजेश अग्रवाल ने कहा कि किसी अपने के लापता होने की स्थिति में परिवार किस तरह की चिंता से गुजरता है, इसे समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि डॉ. मीना गुप्ता सहित सभी लापता भारतीय नागरिकों की जानकारी जुटाने और उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए उपलब्ध सभी माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि राहत और बचाव अभियान के साथ लापता लोगों की तलाश में जल्द सकारात्मक जानकारी सामने आएगी।

नेपाल बाढ़ पीड़ितों के प्रति जताई संवेदना

मंत्री ने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति भी संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिन परिवारों के सदस्य लापता हैं, उनके लिए यह बेहद मुश्किल समय है।

अग्रवाल ने डॉ. मीना गुप्ता समेत बाढ़ के बाद लापता सभी भारतीय नागरिकों के सकुशल होने की उम्मीद जताई और उनके जल्द अपने परिवारों के बीच लौटने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *