रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का रविवार को रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने श्रवण किया। निरंजन धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर में हो रहे छोटे लेकिन प्रभावी बदलावों, नवाचारों और समाजसेवा के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच देने का काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में कई लोग बिना किसी प्रचार के समाज और राष्ट्रहित में काम कर रहे हैं। कोई पर्यावरण के लिए काम कर रहा है तो कोई स्वच्छता, स्थानीय संसाधनों और नए प्रयोगों के जरिए अपने क्षेत्र में बदलाव ला रहा है। ऐसे प्रयासों को प्रधानमंत्री द्वारा देश के सामने रखने से संबंधित लोगों का उत्साह बढ़ता है और दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलती है।
‘नशामुक्त युवा’ के लिए परिवार और समाज दोनों की भूमिका जरूरी
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प पर दिए गए संदेश का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश की युवा आबादी विकास की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को नशे से दूर रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से युवाओं को खेल, शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने की दिशा में प्रयास करने की अपील की।
‘हर घर तिरंगा’ को बताया जनभावना का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ में चर्चा किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तिरंगे के साथ बड़ी संख्या में लोगों द्वारा सेल्फी साझा करना देश के प्रति लोगों के जुड़ाव और राष्ट्रप्रेम को दर्शाता है।
साय ने कहा कि ऐसे अभियान केवल आयोजन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि लोगों में राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
पीएम स्वनिधि से छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं को मिला सहारा
कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि योजना के जरिए महिलाओं को मिल रहे आर्थिक अवसरों की चर्चा भी हुई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, योजना से बड़ी संख्या में महिलाएं छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने में सक्षम हुई हैं।
उन्होंने कहा कि जब महिलाओं के पास अपनी आय का साधन होता है तो इसका असर केवल उनकी व्यक्तिगत आर्थिक स्थिति पर नहीं पड़ता, बल्कि परिवार की स्थिति मजबूत होने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा मिलता है।
स्वच्छता को लेकर बोले- आदत बने, तभी स्थायी बदलाव आएगा
मुख्यमंत्री साय ने स्वच्छता को लेकर भी लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ सरकारी अभियान नहीं हो सकती। घर, मोहल्ले, गांव और शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी नागरिकों की भी है।
उन्होंने कहा कि जब लोग अपने आसपास की सफाई को लेकर खुद जिम्मेदारी लेते हैं, तो इसका असर शहर या गांव की पहचान के साथ-साथ लोगों के जीवन की गुणवत्ता पर भी दिखाई देता है।
अंतरिक्ष विज्ञान में छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत का जिक्र
‘मन की बात’ में छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान और सैटेलाइट तकनीक से जोड़ने वाले प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। इसी संदर्भ में छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का नाम सामने आने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां अब शिक्षा और विज्ञान से लेकर खेल और तकनीक तक अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। महिमा राजपूत की उपलब्धि प्रदेश की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।
‘मन की बात’ में पहले भी छत्तीसगढ़ को मिल चुका है स्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में पहले भी छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों के प्रयासों और उपलब्धियों का उल्लेख होता रहा है। बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण के संरक्षण जैसे विषयों के जरिए प्रदेश की संस्कृति, विरासत और स्थानीय पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा मिली है।
उन्होंने कहा कि ऐसे उल्लेखों से राज्य के स्थानीय प्रयासों को व्यापक पहचान मिलती है और संबंधित लोगों को अपने काम को आगे बढ़ाने का उत्साह मिलता है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, संतजन और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।