जशपुर : रक्षाबंधन के अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का खास नजारा देखने को मिला। ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में पहुंचने पर क्षेत्र की महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों से संवाद करते हुए उनकी बातें सुनीं और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि सम्मान, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बहनों ने जो स्नेह और विश्वास उन्हें दिया है, उसे बनाए रखना उनका दायित्व है। “आपका सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली मेरी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों का सम्मान एवं आर्थिक सशक्तिकरण परिवार को मजबूत बनाता है और मजबूत परिवार ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव है।
केरसई को मिली विकास कार्यों की सौगात
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें घासीमुंडा में नया प्राथमिक शाला भवन, केरसई तालाब का सौंदर्यीकरण, केरसई में मिनी स्टेडियम, केरसई और घासीमुंडा के बजरंग बली मंदिरों का जीर्णोद्धार शामिल है।
इसके अलावा मुख्य मार्ग से अरुण के घर तक सीसी सड़क, ग्राम पंचायत कोहपानी के गढ़वामुड़ा यादव बस्ती में सामुदायिक भवन, घासीमुंडा में सामुदायिक भवन और ग्राम ऊपरकछार में महतारी सदन बनाने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने केरसई में करीब 84.69 लाख रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्कूल, पुल-पुलिया और सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है।
13.85 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री साय ने महिला सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में अब 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की करीब 68 लाख बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। महिलाएं इस राशि का उपयोग घरेलू जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई और आजीविका से जुड़े कार्यों में कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने ड्रोन दीदियों का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब आधुनिक तकनीक के जरिए भी रोजगार के नए अवसर तलाश रही हैं। जशपुर की 50 बहनों को ई-रिक्शा मिलने से स्वरोजगार की नई राह खुलेगी।
किसान और गरीब परिवारों के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों के हित में लगातार काम कर रही है। किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का उल्लेख करते हुए उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास को मिली गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के बाद प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में विकास का वातावरण मजबूत हुआ है। अब इन क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क, राशन और दूरसंचार जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा सभी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
हेल्पलाइन 1076 से दर्ज करा सकेंगे शिकायत
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने का भी आग्रह किया।
जशपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के साथ एमसीएच यूनिट, फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने पर काम किया जा रहा है।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिका आयुषी को पासबुक प्रदान की गई। वहीं स्वामित्व योजना के तहत कौशल्या पैंकरा, कमला बाई, लालो, ज्योति बाई और सुमेत्रा खैरवार को आवासीय पट्टे दिए गए।
मुख्यमंत्री ने सरस्वती स्व-सहायता समूह को एक लाख रुपए का चेक भी प्रदान किया और समूह की महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।