रायपुर : छत्तीसगढ़ में निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए 24 अगस्त को राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के तहत होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12 बजे रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। समारोह में निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को सम्मानित करने के साथ श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक सहायता भी जारी की जाएगी।

200 प्रतिभावान विद्यार्थियों का होगा सम्मान

समारोह में वर्ष 2025-26 में पढ़ाई और खेलकूद में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले 200 प्रतिभावान विद्यार्थियों का भी सम्मान होगा।

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

1.45 लाख से ज्यादा श्रमिकों को मिलेगी 39.67 करोड़ की सहायता

कार्यक्रम में श्रमिक हितों से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण ऐलान होगा। मुख्यमंत्री साय श्रम विभाग की 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत 1 लाख 45 हजार 841 पंजीकृत श्रमिकों को 39 करोड़ 67 लाख रुपये की सहायता राशि डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खातों में अंतरित करेंगे।

इस राशि से श्रमिक परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।

श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा पर जोर

राज्य सरकार का फोकस श्रमिकों के साथ उनके परिवारों को भी आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने पर है। मेधावी बच्चों का सम्मान और उनके लिए शिक्षा के अवसर बढ़ाने की पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन अतिविशिष्ट अतिथि और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से श्रमिक परिवार और हितग्राही भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *