रायपुर : राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ और आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के तहत जनपद पंचायत लखनपुर में ग्राम पंचायत स्तरीय मछली बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए ग्रामीण परिवारों को स्थानीय संसाधनों के माध्यम से आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने की पहल की सराहना की।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और गांवों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बिहान के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं को संगठित कर उन्हें विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
मछली पालन से बढ़ेंगे आय के अवसर
मंत्री ने कहा कि मछली पालन जैसे स्थानीय संसाधन आधारित व्यवसाय ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मछली बीज वितरण से ग्रामीणों को मछली पालन के लिए आवश्यक आधार मिलेगा और वे इसे आय के स्थायी साधन के रूप में विकसित कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय कौशल का बेहतर उपयोग कर अधिक से अधिक परिवारों को स्थायी आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
महिला स्व-सहायता समूहों को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री अग्रवाल ने महिला स्व-सहायता समूहों को ‘बिहान’ अभियान की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि समूहों के माध्यम से महिलाएं बचत, ऋण, स्वरोजगार और विभिन्न आयमूलक गतिविधियों से जुड़ रही हैं। शासन की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को कृषि, पशुपालन, मछली पालन और लघु उद्यम जैसी गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, कौशल विकास और आजीविका के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
ग्रामीणों को वितरित किया गया मछली बीज
कार्यक्रम के दौरान मछली पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीण हितग्राहियों को मछली बीज वितरित किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें गांव में ही आय का नया साधन विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।